चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने जा रही हैं। चंडीगढ़ प्रशासन ने 35 वार्डों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके मुताबिक, 23 दिसंबर को मतदान होगा, जबकि 26 दिसंबर को वोटों की गिनती के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही शहर में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
चंडीगढ़ के चुनाव आयुक्त विजय देव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इन चुनावों में कुल 4 लाख 60 हजार 209 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चुनाव के लिए शहर में 76 पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। सभी मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी, ताकि पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा सके।
चुनाव आयोग ने नामांकन प्रक्रिया का शेड्यूल भी जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, 26 नवंबर से 3 दिसंबर तक उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 7 दिसंबर तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
चुनाव प्रचार को लेकर भी नियम तय किए गए हैं। रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी तरह का चुनाव प्रचार नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा मतदाताओं की सुविधा के लिए नगर निगम चुनाव से जुड़ा एक ऐप भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके जरिए वोटरों को मतदान केंद्रों पर लाइव वेटिंग टाइम की जानकारी मिल सकेगी।
बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम में कुल 35 वार्ड हैं और पार्षदों का चुनाव पांच साल के लिए किया जाता है। हालांकि, मेयर का चुनाव हर साल होता है, जिसमें चुने हुए पार्षद अपना मेयर चुनते हैं। नगर निगम के पिछले चुनाव दिसंबर 2021 में हुए थे और अब मौजूदा कार्यकाल पूरा होने जा रहा है।
